नई दिल्ली, 14 जुलाई।
होर्मुज जलडमरूमध्य में दो वाणिज्यिक जहाजों, एमटी अल बहिया और एमटी मोम्बासा पर हुए हमलों ने भारत को गंभीर चिंता में डाल दिया है। इन हमलों में भारतीय नाविकों को निशाना बनाए जाने के विरोध में भारत ने ईरान दूतावास के उप मिशन प्रमुख को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इन जहाजों पर सवार कुल 46 क्रू मेंबर्स में से 30 भारतीय थे। एमटी अल बहिया पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य घायल हुआ है। वहीं, एमटी मोम्बासा के 9 भारतीय घायल हैं, जिनमें से 2 की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
भारत ने इन अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में सुरक्षित नौवहन में आ रही बाधाओं की कड़ी निंदा की है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक अवसंरचना पर हमले तत्काल बंद होने चाहिए। भारत ने क्षेत्र में शांति बहाली के लिए संवाद और कूटनीति का आह्वान किया है।
संयुक्त अरब अमीरात स्थित भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है। यूएई के अधिकारियों के साथ मिलकर प्रभावित भारतीय नाविकों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मृतक नाविक के परिजनों के प्रति मंत्रालय ने संवेदना प्रकट की है।















