रायगढ़, 14 जुलाई।
रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन हंट के जरिए एक बड़े अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। चक्रधरनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को दबोचा है, जिनसे चोरी की 21 बाइक बरामद की गई हैं। इन वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान छेड़ रखा है। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी के वाहनों को बेचने की फिराक में हैं। इसके बाद घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा गया, जिन्होंने पूछताछ में अपने साथियों के नाम उगले।
पकड़े गए आरोपियों ने कबूल किया कि वे रायगढ़ के अलावा कोरबा, सक्ती और पड़ोसी राज्य ओडिशा के बरगढ़ से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। गिरोह मुख्य रूप से पार्कों और भीड़भाड़ वाले बाजारों से स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स जैसी गाड़ियां निशाना बनाता था।
पुलिस की छापेमारी में गिरोह के पांचों सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके कब्जे से अलग-अलग स्थानों पर छिपाई गई 21 गाड़ियां जब्त की गई हैं। दो अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं, जिनकी तलाश में टीमें जुटी हैं।
पकड़े गए आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पूर्व में भी वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस गिरोह के फरार साथियों की तलाश कर रही है।















