शहडोल, 14 जुलाई।
जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। 108 एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने के कारण एक गर्भवती महिला की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
गलहथा गांव की 22 वर्षीय जयमंती को प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो परिजनों ने एंबुलेंस को सूचना दी थी। काफी प्रतीक्षा के बाद भी वाहन नहीं पहुंचा, तो वे मजबूरी में महिला को ऑटो से अस्पताल ले गए।
रास्ते में ही महिला ने बच्ची को जन्म दे दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर में प्रसूता ने दम तोड़ दिया। नवजात बच्ची फिलहाल सुरक्षित है और अस्पताल में भर्ती है।
जैतपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि आखिर किन कारणों से महिला की मौत हुई।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. सचिन कारकुर ने एंबुलेंस पहुंचने में विलंब की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रसूता की नियमित निगरानी चल रही थी, हालांकि कुछ जांचें शेष रह गई थीं। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट हो पाएगी।















