मीरजापुर, 14 जुलाई।
मीरजापुर के मड़िहान थाना अंतर्गत परसौना गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पारिवारिक कलह के चलते एक महिला ने पहले अपनी तीन मासूम बेटियों को जहर खिलाया और फिर स्वयं भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। इस भयावह कदम से मां और उसकी एक बेटी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चियां अस्पताल में मौत और जिंदगी के बीच संघर्ष कर रही हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन राजकुमार मीणा के मुताबिक, धर्मेंद्र धरिकार की पत्नी कुसुम ने मधु, राधिका और सत्या को जहरीला पदार्थ दिया था। आनन-फानन में सभी को मड़िहान स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। दुखद यह है कि इलाज के दौरान कुसुम और राधिका ने दम तोड़ दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। कुसुम को शक था कि उसके पति ने दूसरी महिला से विवाह कर लिया है। हाल ही में 12 जुलाई को मायके में दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई थी, जिसमें धर्मेंद्र अगले दिन कुसुम को अपने साथ ले जाने के लिए राजी हुआ था। जब वह नहीं आया, तो महिला ने क्षोभ में आकर यह जानलेवा फैसला ले लिया।
थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। पूरे गांव में इस हृदयविदारक घटना को लेकर मातम पसरा हुआ है।















