सिलीगुड़ी, 14 जुलाई।
दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा स्थित हांसखोआ चाय बागान में मंगलवार की सुबह एक सिर कटे शव के मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बागान में काम करने पहुंचे श्रमिकों ने जब नौ नंबर सेक्शन में शव को देखा, तो तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंची बागडोगरा थाना और घोषपुकुर चौकी की पुलिस ने शव को बरामद किया है। मृतक की जेब से मिले आईडी कार्ड के आधार पर उसकी पहचान इमाम खुआ (32) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के किशनगंज जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस फिलहाल इस पहचान की आधिकारिक पुष्टि करने में जुटी है।
घटनास्थल पर पुलिस को मृतक का सिर कहीं नहीं मिला, जो इस मामले को और अधिक रहस्यमयी बना रहा है। पुलिस का मानना है कि अपराधी ने किसी अन्य स्थान पर हत्या को अंजाम देने के बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से यहाँ फेंका होगा।
फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक जांच और खोजी कुत्तों की मदद से लापता सिर की तलाश कर रही है। इस वीभत्स हत्याकांड के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि कातिलों तक पहुँचा जा सके।














