बीकानेर, 14 जुलाई।
बीकानेर रेंज पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल तलाशने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए विभिन्न जिलों से गुम हुए 100 मोबाइल फोन मात्र 30 दिनों में बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। इनमें तीन दिन पहले से लेकर चार वर्ष पूर्व तक गुम हुए मोबाइल शामिल हैं।
राजस्थान के विभिन्न जिलों के साथ बीकानेर रेंज के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर पोर्टल के माध्यम से इन मोबाइल फोन का पता लगाया गया। अभियान का संचालन बीकानेर रेंज के आईजी ओम प्रकाश के निर्देशन में रेंज कार्यालय की सोशल मीडिया सेल ने किया।
बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में महानिरीक्षक पुलिस, बीकानेर रेंज ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए।
इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में आईजी पुलिस ओम प्रकाश, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, सहायक पुलिस अधीक्षक अनुष्ठा कालिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखविन्द्रपाल सिंह तथा पुलिस उप अधीक्षक प्रहलाद राय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।















