जोधपुर, 14 जुलाई।
मध्यप्रदेश से जुड़े कुख्यात बाछड़ा गिरोह की जोधपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रियता की आशंका के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी है। संभावित चोरी और नकबजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष गश्त शुरू की गई है। साथ ही लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
पुलिस के अनुसार, बाछड़ा गिरोह बड़ी नकबजनी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए कुख्यात माना जाता है। इसी संभावना को देखते हुए शहर और ग्रामीण इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है। साथ ही आमजन को सुरक्षा संबंधी जरूरी सावधानियां बरतने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस ने नागरिकों से घर से बाहर निकलते समय ताले और अन्य सुरक्षा इंतजामों की अच्छी तरह जांच करने, रात के समय अनजान लोगों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तुरंत आपातकालीन सेवा 112 या निकटतम पुलिस थाने को सूचना देने का आग्रह किया है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर अपुष्ट या भ्रामक सूचनाएं साझा नहीं करने और केवल सत्यापित जानकारी पर भरोसा करने की भी अपील की गई है।















