धर्मशाला, 14 जुलाई।
कांगड़ा पुलिस ने जिले में यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया। पिछले सात दिनों में पुलिस ने नाका जांच और सघन गश्त के दौरान 1652 वाहन चालकों का चालान काटा और कुल 1,24,500 रुपये का जुर्माना वसूला। इस दौरान जो मामले मौके पर नहीं सुलझ सके, उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।
अभियान के तहत तेज रफ्तार, लापरवाही से ड्राइविंग, हाई बीम लाइट का गलत इस्तेमाल और सीट बेल्ट न लगाने जैसे नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई हुई। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए 39 लोगों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की है।
साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव और शांति भंग करने वाले 34 व्यक्तियों पर भी पुलिस अधिनियम की धाराओं के तहत शिकंजा कसा गया है। पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने चेतावनी दी है कि रात्रि गश्त और नाका जांच का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेषकर शराब पीकर गाड़ी चलाने और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस) की नीति अपनाई जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की है।














