भोपाल, 14 जुलाई।
राजधानी के व्यस्त हमीदिया रोड पर मंगलवार सुबह एक फर्नीचर शोरूम और उससे जुड़े गोदाम में भयंकर आग लग गई। इस दुर्घटना में शोरूम के अंदर रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर राख हो गया है।
सुबह करीब साढ़े पांच बजे आग की लपटें उठनी शुरू हुईं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और चारों ओर काले धुएं का गुबार फैल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को इसकी सूचना दी।

हालात को देखते हुए फतेहगढ़, बोगदा पुल, कबाड़खाना, बैरागढ़ और गांधीनगर सहित कई फायर स्टेशनों से दमकल गाड़ियों और पानी के टैंकरों को बुलाया गया। फायर फाइटर्स ने करीब पांच घंटे की कड़ी मेहनत के बाद सुबह 10:20 बजे आग पर काबू पाया।
इस अग्निकांड में सोफे, बेड, डाइनिंग टेबल, अलमारी और अन्य सजावटी सामान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। आग लगने का सही कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है, हालांकि प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।















