जम्मू, 15 जुलाई।
बाबा बुड्डा अमरनाथ की वार्षिक यात्रा का बिगुल बज चुका है। इस साल 12 दिवसीय यह पवित्र धार्मिक यात्रा 17 अगस्त से सीमावर्ती पुंछ जिले से आरंभ होगी। श्रद्धालुओं का पहला जत्था जम्मू के भगवती नगर स्थित यात्री निवास से रवाना होगा।
प्रशासन के अनुसार, यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के पावन अवसर पर संपन्न होगी। बाबा बुड्डा अमरनाथ के दर्शन के लिए इस बार भी देश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुँचने की उम्मीद है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा और अन्य इंतजामात को पुख्ता किया जा रहा है।
तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने लंगर, आवास, पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी तमाम व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। सुरक्षा के साथ-साथ साफ-सफाई और जल निकासी पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने हाल ही में तैयारियों की समीक्षा बैठक ली है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि यात्रा के दौरान भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी कमियों को समय रहते दुरुस्त कर लिया जाएगा।
यात्रा मार्ग पर जगह-जगह वाटरप्रूफ टेंट और पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी स्थापित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन की कोशिश है कि इस बार की यात्रा सुचारू और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।














