लखीमपुर खीरी, 21 जुलाई।
जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) कार्यालय में तैनात एक महिला लिपिक को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद विकास भवन परिसर में हलचल मच गई। गिरफ्तार लिपिक की पहचान रेखा मिश्रा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, कार्यालय में कार्यरत लिपिक रेखा मिश्रा ने एक सफाई कर्मी से उसके विभागीय कार्य के निस्तारण के बदले 20 हजार रुपये की अवैध रकम की मांग की थी। रिश्वत देने के बजाय सफाई कर्मी ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत की गोपनीय जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
मंगलवार सुबह जैसे ही सफाई कर्मी ने विकास भवन स्थित डीपीआरओ कार्यालय में रेखा मिश्रा को 20 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से विकास भवन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के बाद टीम महिला लिपिक को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ और विधिक कार्रवाई के लिए थाने ले गई। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।














