भोपाल, 21 जुलाई।
मध्य प्रदेश राज्य पुलिस सेवा के सात अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में नियुक्त किए जाने के बाद मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में रैंक अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर डीजीपी कैलाश मकवाणा ने अधिकारियों को आईपीएस के बैज पहनाकर शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी कैलाश मकवाणा ने कहा कि भारतीय पुलिस सेवा में चयन अधिकारियों की निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य का सम्मान है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सेवा में अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा भविष्य में भी उनसे प्रभावी नेतृत्व और उत्कृष्ट कार्य की अपेक्षा है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उनकी कार्यशैली, ईमानदारी और व्यवहार विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का माध्यम बनें। साथ ही कहा कि योग्य अधिकारियों को समय पर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता रही है और इसी क्रम में राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा में पदोन्नति प्रदान की गई है।
रैंक अलंकरण समारोह में निमिषा पाण्डेय, मलय जैन, अमित सक्सेना, मनीषा पाठक सोनी, सुमन गुर्जर, सब्यसाची सराफ और समर वर्मा को भारतीय पुलिस सेवा की रैंक प्रदान की गई।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने 17 जुलाई 2026 को जारी अधिसूचना के माध्यम से भारतीय पुलिस सेवा (चयन सूची-2025) के अंतर्गत इन सात अधिकारियों की नियुक्ति कर उन्हें मध्य प्रदेश कैडर आवंटित किया है। भारतीय पुलिस सेवा (परिवीक्षा) नियम, 1954 के तहत सभी अधिकारी एक वर्ष की परिवीक्षा अवधि पूरी करेंगे तथा निर्धारित इंडक्शन प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।















