अररिया, 21 जुलाई।
बिहार के अररिया जिले में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नरपतगंज के पूर्व भाजपा विधायक जयप्रकाश यादव के कुसियारगांव स्थित फार्महाउस से 158 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में फार्महाउस के केयरटेकर को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कुसियारगांव स्थित फार्महाउस पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। प्रारंभ में केयरटेकर मौके से फरार हो गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने अवधेश ऋषिदेव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, नगर थाना में इस मामले में कांड संख्या 381/26 दर्ज कर एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने बताया कि फार्महाउस की देखरेख की जिम्मेदारी अवधेश ऋषिदेव के पास थी।
पूछताछ में गिरफ्तार केयरटेकर ने पुलिस को बताया कि एक कथित तस्कर के कहने पर उसने गांजा वहां रखवाया था, जिसे बाद में पूर्णिया से बाहर भेजा जाना था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर संदिग्ध तस्कर की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच जारी है और बरामद मादक पदार्थ के स्रोत तथा पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।















