अररिया, 21 जुलाई।
अररिया जिले की सिकटी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 324 लीटर नेपाली शराब और पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में दो आरोपितों की संलिप्तता सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सैदाबाद कॉलोनी वार्ड क्रमांक-12 में रोहित पासवान के घर पर छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की गई। इसके बाद कुटुंबगंज डिम्हिया भट्ठा रोड पर लावारिस खड़े एक वाहन से भी शराब का जखीरा बरामद किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी की पांच मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं, जिन्हें छिपाकर रखा गया था। इस तरह पुलिस ने कुल 324 लीटर नेपाली शराब और पांच चोरी के वाहन जब्त किए।
सिकटी थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में परशुराम पासवान और रोहित पासवान की संलिप्तता सामने आई है। दोनों आरोपित फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और बरामद शराब तथा चोरी के वाहनों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।















