जयपुर, 21 जुलाई।
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के खिलाफ चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान में 72 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 428 लोगों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान पुलिस ने 317.84 ग्राम स्मैक, 8.379 किलोग्राम गांजा, नशा सेवन में प्रयुक्त उपकरण तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की। इसके साथ ही शहरभर में 213 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण भी किया गया।
पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत 72 आरोपितों की गिरफ्तारी के अलावा 29 पूर्व वांछित अपराधी, 38 अन्य आरोपित, 41 स्थायी वारंटी, एक धारा 299 बीएनएसएस वारंटी और एक इनामी अपराधी को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं धारा 170 बीएनएसएस एवं अन्य निरोधात्मक प्रावधानों के तहत 276 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
जयपुर उत्तर जिले में 19 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 19 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। यहां 20 पूर्व वांछित अपराधी, 27 अन्य आरोपित और 35 स्थायी वारंटियों को भी पकड़ा गया। पुलिस ने 15.16 ग्राम स्मैक बरामद की तथा 56 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। इस जिले में कुल 265 गिरफ्तारियां दर्ज की गईं।
जयपुर पश्चिम जिले में सर्वाधिक 22 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज हुए। यहां पुलिस ने 22 आरोपितों को गिरफ्तार कर 285.89 ग्राम स्मैक, 537.2 ग्राम गांजा और करीब 87 हजार रुपये मूल्य की एमडी बरामद की। इसके अलावा चार पूर्व वांछित अपराधियों और नौ अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया।
जयपुर पूर्व जिले में 17 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 17 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 559.065 ग्राम गांजा, 9.38 ग्राम स्मैक, फॉयल पेपर और 6,330 रुपये की बिक्री राशि बरामद की। यहां सबसे अधिक 97 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया। वहीं जयपुर दक्षिण जिले में 14 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया तथा 2.448 किलोग्राम गांजा और 7.41 ग्राम स्मैक जब्त की गई। पुलिस ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।















