सुलतानपुर, 21 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में चांदा थाना पुलिस और एसओजी टीम ने हत्या के एक मामले में एक महिला और उसके दो नाबालिग बेटों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई की रात चांदा थाना क्षेत्र के एक गांव में भूमि बंटवारे और रास्ते के विवाद को लेकर रमापति तिवारी पर हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल रमापति तिवारी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के संबंध में परिजनों की शिकायत पर चांदा थाने में मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए और अन्य साक्ष्य एकत्र किए। विवेचना के आधार पर मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई।
क्षेत्राधिकारी ऋतिक कपूर ने बताया कि एक नाबालिग की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई यूपी-44-बीपी-3809 नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
पुलिस ने शशि तिवारी, पत्नी बलवंत तिवारी, तथा उसके दो नाबालिग बेटों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।















