काबुल, 21 जुलाई।
अफगानिस्तान के नूरिस्तान प्रांत में भारी बारिश के बाद आई अचानक बाढ़ ने व्यापक तबाही मचाई है। सरकारी अधिकारियों के अनुसार, इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 80 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा करीब 100 लोगों के लापता होने की सूचना है।
अफगानिस्तान की समाचार एजेंसी पझवोक के अनुसार, अफगानिस्तान नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बाढ़ का सबसे अधिक असर नूरिस्तान प्रांत की राजधानी पारुन में देखा गया है। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई है।
प्राधिकरण ने बताया कि अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार कम से कम 20 लोगों की जान गई है, 80 से अधिक लोग घायल हुए हैं और 100 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत दल लगातार तलाश और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
अथॉरिटी ने कहा कि जारी आंकड़े प्रारंभिक हैं और सर्वेक्षण तथा क्षति के विस्तृत आकलन के बाद ही अंतिम जानकारी साझा की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, बाढ़ से जनजीवन और संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचा है तथा राहत कार्य पूरा होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।















