जयपुर, 21 जुलाई।
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के खिलाफ चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान में 72 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 428 लोगों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान पुलिस ने 317.84 ग्राम स्मैक, 8.379 किलोग्राम गांजा, नशा सेवन में प्रयुक्त उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की। इसके साथ ही शहर के 213 मेडिकल स्टोरों का भी निरीक्षण किया गया।
पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत 72 आरोपितों की गिरफ्तारी के अलावा 29 पूर्व वांछित अपराधी, 38 अन्य आरोपित, 41 स्थायी वारंटी, एक बीएनएसएस वारंटी और एक इनामी अपराधी को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं, धारा 170 बीएनएसएस सहित अन्य निरोधात्मक प्रावधानों के तहत 276 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान जयपुर उत्तर जिले में 19 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 19 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। यहां 20 पूर्व वांछित अपराधी, 27 अन्य आरोपित और 35 स्थायी वारंटी भी पकड़े गए। 162 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई तथा 56 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया। इस जिले में कुल 265 गिरफ्तारियां हुईं।
जयपुर पश्चिम जिले में सर्वाधिक 22 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज हुए। पुलिस ने 22 आरोपितों को गिरफ्तार कर 285.89 ग्राम स्मैक, 537.2 ग्राम गांजा और एमडी बरामद की। वहीं जयपुर पूर्व जिले में 17 प्रकरण दर्ज कर 17 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया तथा 559.065 ग्राम गांजा, 9.38 ग्राम स्मैक और अन्य सामग्री जब्त की गई। इस जिले में सबसे अधिक 97 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया।
जयपुर दक्षिण जिले में 14 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। यहां पुलिस ने 2.448 किलोग्राम गांजा, 7.41 ग्राम स्मैक और नशा सेवन में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए। पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।















