भोपाल, 21 जुलाई।
भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास विभाग के तहत प्री और पोस्ट मैट्रिक के सभी पात्र छात्र-छात्राओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि स्पेशल ड्राइव के माध्यम से सभी पात्र विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत मैपिंग सुनिश्चित की जाए।
संभागायुक्त मंगलवार को आयुक्त कार्यालय में जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक ले रहे थे। बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, संयुक्त संचालक अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास विभाग प्रेम शंकर पांडे, स्कूल शिक्षा संयुक्त संचालक धर्मेन्द्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कर्मवीर शर्मा ने कहा कि छात्र-छात्राओं को मिलने वाली छात्रवृत्तियों के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल, एमपीटीएएएससी तथा स्टेट स्कॉलरशिप पोर्टल पर सभी पात्र विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत मैपिंग कराई जाए। इसके लिए स्कूल शिक्षा, जनजातीय कार्य और उच्च शिक्षा विभाग संयुक्त दल बनाकर अगले 10 दिनों तक सभी स्कूलों और महाविद्यालयों में शिविर आयोजित करें। उन्होंने बताया कि संभाग के सभी जिलों में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अभियान की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी तथा संभागीय अधिकारी प्रतिदिन इसकी प्रगति और क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे। महाविद्यालयों में स्कॉलरशिप आवास सहायता योजना के तहत भी सभी पात्र विद्यार्थियों का पंजीयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों की व्यवस्थाओं और शिक्षण सुविधाओं का भी आकलन किया गया। इसके साथ ही बस्ती विकास योजना, वनाधिकार अधिनियम, आदर्श ग्राम योजना और पीएम जनमन के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरे करने के निर्देश दिए गए।
संभागायुक्त ने कहा कि संभाग के सभी जिलों में धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कृष्ट अभियान के तहत योजनाओं का शत-प्रतिशत सेच्यूरेशन सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक जिले में एक गांव को मॉडल ग्राम के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है। इसके अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से संपर्क मार्ग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत मोबाइल मेडिकल यूनिट तथा शिक्षा के लिए आवासीय विद्यालयों के साथ आजीविका और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
उधर, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जनसुनवाई में कुल 128 आवेदन प्राप्त हुए। बैठक में एडीएम सुमित पांडेय, महेंद्र कवचे एसडीएम सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक से विस्तार से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए तथा सभी प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए।















